भोपाल । राजधानी के महिला थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर राजधानी के एक सरकारी बैंक के प्रबंधक के खिलाफ दुष्कर्म करने का केस दर्ज कर लिया है। महिला उसी बैंक में कर्मचारी है। महिला का आरोप है कि प्रबंधक शादी करने का भरोसा देकर करीब एक साल से उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। पिछले दिनो उसने शादी करने के बारे में स्पष्ट बताने को बोला, तो वह मुकर गया। साथ ही उसके साथ मारपीट भी की। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
महिला थाना पुलिस के मुताबिक अयोध्या नगर क्षेत्र में रहने वाली 37 वर्षीय युवती एक बैंक में पदस्थ हैं। आरोपित रविकांत वर्मा उसी बैंक में प्रबंधक के पद पर पदस्थ है। एक साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच अच्छी बातचीत होने लगी थी। धीरे-धीरे उनमें प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। महिला ने शिकायत में बताया कि 14 अगस्त 2021 को बैंक प्रबंधक उसे घुमाने के लिए अपने साथ ले गया। वहां उसने उसे शादी करने का झांसा दिया और अकेलेपन का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद से वह लगातार महिला का शारीरिक शोषण करने लगा। कुछ दिन पहले महिला ने प्रबंधक रविकांत से शादी करने के बारे में स्पष्ट जवाब देने को कहा। इस पर रविकांत ने शादी करने से साफ मना कर दिया। कारण पूछने पर उसने महिला के साथ मारपीट भी कर दी। महिला को यह भी पता चला कि रविकांत किसी दूसरी महिला से शादी करने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद महिला ने घटना की शिकायत थाने में की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने रविकांत के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट करने का केस दर्ज कर लिया है। आरोपित की तलाश की जा रही है। Posted By: SATISH TEWARE
© 2020 - ictsoft.in
Leave a Comment